उत्तरकाशी। भटवाड़ी ब्लाक के बायणा गांव तक सड़क पहुंचने पर पहली बार किसी शादी के बाराती वाहनों से गांव में पहुंचे, तो ग्रामीण खुशी से झूम उठे। ग्रामीणों ने बारातियों के साथ-साथ वाहनों की भी पूजा की।
बायणा गांव पहुंचने के लिए ग्रामीणों को मनेरी से डिडसारी, लौंथरू होते हुए छह किमी की दुर्गम खड़ी चढ़ाई पार करनी पड़ती थी। वर्षों तक मांग करने के बाद तीन साल पहले बायणा गांव के लिए सड़क का कटान शुरू हुआ और अब जाकर गांव तक सड़क पहुंची। बृहस्पतिवार को बायणा में जीतबर राणा की बेटी अनुजा की शादी के लिए गोरसाली गांव से बारात पहुंची। बारातियों से भरी 25 वाहन गांव पहुंचने पर ग्रामीण झूम उठे। ग्रामीणों ने बारातियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया और वाहनों की पूजा की।
गांव के प्रधान बलवीर सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य राजेश सेमवाल आदि ने बताया कि अभी तक सड़क न होने के कारण ग्रामीणों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। बीमार व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने में भारी मशक्कत करनी पड़ती थी। अब सड़क बनने से ग्रामीणों को काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि हालांकि अभी सड़क ऊबड़-खाबड़ है, लेकिन अब वाहन पहुंच गए हैं। उन्होंने लोनिवि के अधिकारियों से शीघ्र सड़क का डामरीकरण कराने की मांग की। गांव तक सड़क पहुंचने पर घनश्याम राणा, मनोज कंसवाल, हेमंत सेमवाल, रजनीश कंसवाल, गणेश कंसवाल, यशकांत नौटियाल आदि ने खुशी जताई है।