उत्तरकाशी। खेल महाकुंभ की जनपद स्तरीय प्रतियोगिता के अंतर्गत शुक्रवार को अंडर-19 वर्ग के फाइनल मुकाबले खेले गए, जिसमें बालिकाओं की वालीबॉल प्रतियोगिता में भटवाड़ी की टीम विजेता रही। बालक वर्ग में नौगांव की टीम ने जीत हासिल की। वहीं, बैडमिंटन की एकल प्रतियोगिता के बालक वर्ग में पुरोला के मनोज राणा ने प्रथम, भटवाड़ी के शिवम ने द्वितीय तथा डुंडा के सचिन रावत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में भटवाड़ी की दीपिका ने प्रथम, डुंडा की शिवानी ने द्वितीय तथा मोरी की आरती ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
बैडमिंटन की युगल प्रतियोगिता में पुरोला के मनोज व ऋषभ तथा भटवाड़ी की दीपिका व रोजी की जोड़ी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। खो-खो प्रतियोगिता के बालक वर्ग में चिन्यालीसौड़ तथा बालिका वर्ग में पुरोला की टीम विजेता रही। कबड्डी प्रतियोगिता के बालक व बालिका वर्ग में नौगांव की टीमों ने जीत हासिल की। चक्का फेंक में मोरी के राजन तथा करीना ने अपने-अपने वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त किया। रिले दौड़ के बालक वर्ग में भटवाड़ी तथा बालिका वर्ग में नौगांव की टीम ने जीती हासिल की। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी विनीत कुमार द्वारा विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। इस दौरान जिला युवा कल्याण अधिकारी विजय प्रताप भंडारी, पंकज कुमार, जितेंद्र वर्मा, सतीश गुसांई, शूरवीर पडियार, सोबन राणा, राजाराम भट्ट, दरब्यान भंडारी आदि मौजूद थे।