उत्तरकाशी। मोरी विकास खंड के ग्रामीणों की ओर से विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने कि मांग को लेकर जिला मुख्यालय परिसर में प्रदर्शन किया गया। जिलाधिकारी को दिए ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र के अधिकांश सरकारी स्कूलों में शिक्षकों का अकाल पड़ा हुआ है, जिससे उनके बच्चों का भविष्य अंधकार में डूब गया है। आक्रोशित ग्रामीणों ने इस संबंध जल्द ही कोई कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
भाजयुमो के जिला संयोजक कृृपाल राणा के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र के कई विद्यालयों में शिक्षकों की कमी है। 50 छात्र संख्या वाले कासला जूनियर हाईस्कूल में बीते आठ सालों से एक ही शिक्षक मौजूद है, जबकि 70 छात्र संख्या वाले पांव मल्ला जूनियर हाईस्कूल, 50 छात्रसंख्या वाले सुनकुंडी प्राथमिक विद्यालय तथा 47 छात्र संख्या वाले सटूड़ी विद्यालय भी एक ही अध्यापक के भरोसे चल रहे हैं। विभागीय अधिकारियों से कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि अगर प्रशासन द्वारा जल्द ही कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया, तो उन्हें मजबूरन आंदोलन करना पड़ेगा। इस मौके पर सूरत सिंह, ज्ञान सिंह, भगत रावत, मूर्ति सिंह रावत, कौरी देवी, भजन सिंह आदि मौजूद थे।