उत्तरकाशी। ऑल वेदर रोड परियोजना के प्रभावितों को समय से मुआवजा दिलाने को लेकर जिला प्रशासन द्वारा एक टीम गठित की गई है। लोनिवि चिन्यालीसौड़ तथा बड़कोट के अधिकारियों के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा मौके पर जाकर प्रभावितों की शिकायतों व मुआवजे से जुड़े मामलों का निस्तारण किया जाएगा। इस संबंध में जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान ने अपर जिलाधिकारी को कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिदिन के कार्यों की प्रगति रिपोर्ट लेने के आदेश दिए हैं। उन्होंने संबंधित विभागों द्वारा कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही करने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
मंगलवार को ऑल वेदर रोड परियोजना को लेकर आयोजित बैठक में जिलाधिकारी की ओर से संबंधित विभागों के कार्यों कि समीक्षा की गई। इस दौरान उन्होंने कहा कि उच्च स्तर पर चारधाम परियोजना के कार्यों कि प्रतिदिन समीक्षा रिपोर्ट मांगी जा रही है। उन्होंने विद्युत एवं जल संस्थान से पाईप एवं विद्युत लाइनों को शिफ्ट करते समय उक्त स्थान पर वैकल्पिक व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। वहीं एनएच, बीआरओ, लोनिवि आदि कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्य के दौरान जनता की सुरक्षा का ध्यान रखने के भी आदेश दिए। बैठक में डीएफओ संदीप कुमार, एडीएम पीएल शाह, सुनील सिंह रावत, गौरव सकलानी, वीवी रावत, पंकज रावत, एलसी कुमाऊंनी आदि अधिकारी मौजूद थे।