उत्तरकाशी। चिकित्सकों की सुरक्षा व बिगड़ती कानून व्यवस्था के मद्देनजर प्रशासन द्वारा जिला चिकित्सालय में एक पुलिस चौकी खोली गई है। सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान तथा एसपी ददनपाल द्वारा चौकी का उद्घाटन किया गया, जिसके बाद अधिकारियों द्वारा इंचार्ज रमन बिष्ट सहित पांच जवानों को चौकी का कार्यभार सौंपा गया।
उद्घाटन कार्यक्रम में एसपी ने बताया कि जिले का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल होने की वजह से यहां पर काफी भीड़ रहती है, जिससे कई असामाजिक तत्व यहां पर हुड़दंग मचाकर स्टॉफ व मरीजों के साथ अभद्रता करते हैं। वहीं, बेतरतीब खड़े वाहनों के चलते एंबुलेंस को आने में भी काफी दिक्कत होती है। इन्हीं समस्याओं के निस्तारण के लिए जिला अस्पताल में चौकी खोली गई है। उधर, डीएम ने बताया कि लोगों की शिकायतों के आधार पर चौकी को खोलने का निर्णय लिया गया है। अस्पताल की व्यवस्थाओं पर नजर रखने के लिए 14 सीसीटीवी कैमरों को उनके कार्यालय से कनेक्ट किया जाएगा। इस मौके पर बचन सिंह रावत, बीएस रावत, महादेव उनियाल, हरीश सेमवाल आदि मौजूद थे।