उत्तरकाशी। जिला प्रशासन की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में होम स्टे को बढ़ावा देने के लिए सरकारी मदद से ऋण देने की योजना बनाई गई है, जिससे पर्यटन के विकास के साथ ही ग्रामीणों को स्वरोजगार से भी जोड़ा जा सकेगा।
भटवाड़ी के रैथल गांव में आयोजित शिविर में पहुंचे जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान ने कहा कि दयारा बुग्याल का मुख्य पड़ाव होने की वजह से पारंपरिक भवनों को होम स्टे के लिए तैयार किया जा सकता है।
इस दौरान ग्रामीणों द्वारा जंगली जानवरों से फसल को हो रहे नुकसान सहित रैथल मोटर मार्ग पर चल रहे घटिया निर्माण कार्य की भी शिकायत की गई। डीएम ने ग्रामीणों से 11 दिसंबर को लगने वाले मानसिक विकलांग शिविर का लाभ लेकर, अपने बच्चे एवं परिजनों के प्रमाण पत्र बनवाने को कहा। इस मौके पर प्रधान श्यामा देवी, दिनेश भट्ट, ज्ञानेंद्र राणा, सुमित्रा देवी, महेंद्र पोखरियाल, दीपेंद्र पंवार आदि मौजूद थे।