उत्तरकाशी/चिन्यालीसौड़। देर शाम दो अलग-अलग सड़क दुर्घटना में एक की मौत और दो लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी चिन्यालीसौड़ में भर्ती करवाया गया है।
शनिवार शाम को गंगोत्री हाईवे पर चुंगी बड़ेथी के पास एक बाइक अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई, जिसमें बाइक सवार की मौत हो गई। थानाध्यक्ष महादेव उनियाल ने बताया कि ज्ञानसू निवासी संतोष जोशी बाइक से मातली की तरफ जा रहा था। इस बीच चुंगी बड़ेथी के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर नीचे खाई में गिर कई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं दूसरे मामले में धरासू थाने के तहत गंगोत्री हाईवे से हिटारा गांव के पास नदी में जाने वाले मार्ग में एक पिकअप 20 मीटर नीचे गिर गई, जिसमें सवार दो लोग घायल हो गए। थाना निरीक्षक रविंद्र कुमार यादव ने बताया कि दोनों घायलों को सीएचसी चिन्यालीसौड़ पहुंचाया गया है। पिकअप ईंट ढोने के लिए वहां गई थी, जिसमें सवार पप्पू पुत्र सुंदर सिंह निवासी खालसी और सूरज मणि पुत्र नैनू निवासी जसपुर मरगांव घायल हो गए, जिनका उपचार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिन्यालीसौड़ में चल रहा है।