उत्तरकाशी। गंगोत्री विधानसभा के विधायक गोपाल सिंह रावत ने हिमाचल प्रदेश के अति दुर्गम डोडरा क्वार पहुंचकर रोहडू विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी शशिबाला के समर्थन में वोट मांगे। इस दौरान विधायक गोपाल रावत ने कहा कि जल्द ही हिमाचल के क्वार से उत्तराखंड की सीमा में पड़ने वाले मोरी ब्लॉक के नेटवाड़ तक 12 किमी सड़क निर्माण के लिए उत्तराखंड शासन स्तर पर प्रस्ताव बनाकर भेजा जाएगा।
बूथ अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए गंगोत्री विधायक ने कहा कि डोडरा क्वार क्षेत्र हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने पूरी तरह से उपेक्षित किया है। विधायक गोपाल सिंह रावत ने क्षेत्रवासियों को आश्वासन दिलाया कि जल्द ही ग्रामीणों की दशकों से लंबित मांग को पूरा करने के लिए उत्तराखंड शासन स्तर पर कार्रवाई शुरू की जाएगी और क्वार से उत्तरकाशी जनपद के मोरी क्षेत्र में पड़ने वाले नेटवाड़ तक 12 किमी लंबी सड़क का निर्माण कार्य शुरु करवाया जाएगा, जिसके बाद क्षेत्र के ग्रामीणों को छह महीने की अघोषित कैद से मुक्ति मिल सकेगी। साथ ही आवाजाही भी सरल हो सकेगी। क्षेत्र के ग्रामीण लंबे समय से मांग कर रहे हैं कि क्वार से नेटवाड़ तक 12 किमी लंबी सड़क का निर्माण करवाया जाए जिससे सालभर आवाजाही सुगम हो सके। इसमें 10 किमी सड़क का निर्माण उत्तराखंड के हिस्से वाली भूमि पर होना है।