उत्तरकाशी। गंगोत्री हाईवे पर डुंडा क्षेत्र में कचूड़ू देवता मंदिर के पास भागीरथी नदी में नहा रहे दो युवकों में से एक की डूबने से मौत हो गई, जबकि दूसरे को स्थानीय लोगों ने बचा लिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। देहरादून से चार दोस्त यमुनोत्री यात्रा के बाद गंगोत्री दर्शन के लिए जा रहे थे। इस बीच भागीरथी नदी में नहाते हुए यह हादसा हो गया।
कोतवाल प्रभारी महादेव उनियाल ने बताया कि देहरादून सुद्धोवाला के चार युवक सुशांत (22) पुत्र रामनाथ, किशोर (21) पुत्र श्रीनिवास, नरहरी (24) पुत्र मल्लाया और जगदीश (24) पुत्र राजाय डुंडा स्थित कचूड़ू देवता मंदिर के समीप भागीरथी नदी तट पर नहा रहे थे। इसी बीच, सुशांत और नरहरी नदी में बह गए। अन्य साथियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने सुशांत को तो बचा लिया, लेकिन नरहरी नदी में डूब गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और रेस्क्यू टीम ने दो घंटे तक अभियान चलाकर नरहरी को बाहर निकाला, लेकिन तबतक उसकी मौत हो चुकी थी। थानाध्यक्ष महादेव उनियाल ने बताया कि चारों दोस्त यमुनोत्री और गंगोत्री यात्रा के लिए आए थे। यमुनोत्री से लौटने के बाद वे बाइक से गंगोत्री जा रहे थे। इस बीच नहाने के लिए नदी में उतरे तो यह हादसा हो गया। मृतक युवक के परिजन को सूचना दे दी गई है। रेस्क्यू टीम में उपनिरीक्षक अश्वनी बलूनी, कांस्टेबल गोविंद सिंह, नवीन, विनोद कुमार, उत्सव सैनी, बसंत सिंह और स्थानीय लोग देवेंद्र जैन, सलमान, सूरज और यशपाल आदि शामिल थे।