चिन्यालीसौड़। सर्व शिक्षा अभियान के तहत जनपद के समस्त विकास खंडों के सीआरसी केंद्रों पर सामुदायिक सहभागिता अभियान को मजबूत करने के लिए विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों के लिए दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में प्रदेश परियोजना कार्यालय देहरादून की अनुश्रवण की विशेषज्ञ उमा पंवार और डाइट टिहरी के प्रवक्ता दीपक रतूड़ी ने प्रतिभाग किया। अनुश्रवण समिति के विशेषज्ञ सदस्यों ने बताया कि कार्यशाला में विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों को सामुदायिक सहभागिता के तहत दायित्वों, कर्तव्य और शिक्षा के अधिकार अधिनियम की जानकारी देना सरकार का मुख्य उद्देश्य है। अनुश्रवण समिति के विशेषज्ञों की टीम ने कस्तूरबा गांधी विद्यालय चिन्यालीसौड़, संकुल मनेरी, मुस्टिकसौड़, चिणाखोली, नाकुरी, गणेशपुर का अनुश्रवण किया। इस मौके पर जिला परियोजना अधिकारी आरएस रावत, जिला समन्वयक पंकज पुष्प रावत, मनमोहन राणा, लोकतंत्र पैन्यूली, प्रमोद, कैलाशी, सीएस नाथ आदि शामिल रहे।