नौगांव (उत्तरकाशी)। ब्लॉक के दस या इससे कम छात्र संख्या वाले 20 प्राथमिक विद्यालयों पर बंद होने की तलवार लटक रही है। विद्यालयी शिक्षा सचिव की ओर से जारी आदेश के अनुसार विद्यालयों को अब नजदीकी स्कूलों में शिफ्ट करने की तैयारी शुरू हो गई है। विभाग की ओर से भी ऐसे विद्यालयों को चिह्नित कर रिपोर्ट तैयार की जा चुकी है।
क्षेत्र के 179 प्राथमिक विद्यालयों में से 20 ऐसे हैं, जहां छात्र संख्या घटकर दस से कम है। इनमें से भी नाल्ड, कोटला, देवल, बलाड़ी, सपेटा, गमर्सू, किसाला के प्राथमिक विद्यालय में छात्र संख्या घट कर दो या तीन पहुंच गई है, जिससे बाद इन स्कूलों को बंद करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं, विकासखंड के 6 उच्च प्राथमिक विद्यालय भी इस श्रेणी में आ रहे हैं। दो उच्च प्राथमिक विद्यालय शून्य छात्र संख्या होने पर पहले ही बंद किए जा चुके हैं। जिला शिक्षाधिकारी प्रारंभिक शिक्षा आरएस रावत ने बताया कि दस या इससे कम छात्रसंख्या वाले विद्यालयों को बंद करने संबंधी शासनादेश अभी नहीं मिला है। शासन स्तर पर इसका जीओ जारी हो चुका है। निदेशालय से स्पष्ट आदेश मिलते ही कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।