उत्तरकाशी। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए इंड्युरेंस रेस संस्था की से जिले में अल्ट्रा मैराथन रेस का आयोजन किया गया। रेस में दिल्ली, मुंबई, बंगलूरू, भुवेनश्वर और चंडीगढ़ से आए हुए 35 धावकों ने प्रतिभाग किया। धावकों में दो धावक केन्या के अजा और आचुका भी शामिल रहे। रेस चार चरण में 25, 50, 75 और 100 किमी. में आयोजित की गई।
अंतरराष्ट्रीय मैराथन धावक अरुण भारद्वाज के नेतृत्व में उपरीकोट से साल्ड तक मैराथन का आयोजन हुआ। 25 किमी. मैराथन रेस में वेदपाल सिंह ने 2 घंटे 46 मिनट, 50 किमी. जितेंद्र चौहान ने 6 घंटे 31 मिटन, 75 किमी में सुनील ने 11 घंटे 6 मिनट और 100 किमी में राजेश कुमार ने 13 घंटे 15 मिनट में रेस पूरी की। विजेता धावकों को मेडल देकर सम्मानित किया गया। केन्या के धावक अजा और अचुका ने इस तरह से आयोजित होने वाले अल्ट्रा मैराथन रेस में एक बार फिर जिले में आने की इच्छा जताई। देवभूमि में आकर और मां गंगा के दर्शन कर वह अभिभूत हो गए। उन्होंने कहा ऐसा नैसर्गिक दृश्य उनके लिए अविस्मरणीय रहेगा। इस दौरान होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेंद्र मटूड़ा, नीलम नौटियाल, नितिन राणे, प्रखर, कुमार अजवानी, सुमित नेगी, सुरेश, मेघना शाह, प्रवेश पराशर, विजय आनंद, देवेंद्र चौहान, राहुल शुक्ला, अभिजीत, विक्रम, नरेश कौशिक आदि मौजूद रहे।