उत्तरकाशी। भटवाड़ी ब्लाक के गमदिड़ गांव के लोगों ने प्रस्तावित मोटर मार्ग निर्माण शुरू करने की मांग की है। जिलाधिकारी को दिए ज्ञापन में ग्रामीणों ने लोनिवि पर निर्माण कार्य में देरी करने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व मुख्यमंत्री की घोषणा और सर्वे होने के बाद भी आज तक तीन किमी लंबा मार्ग नहीं बन पाया है।
जिला मुख्यालय के करीब स्थित गमदिड़ गांव को आज तक सड़क नसीब नहीं हुई है, जिससे ग्रामीणों को मुख्य मार्ग तक आने के लिए तीन किमी के कच्चे रास्ते पर पैदल सफर करना पड़ता है। गांव के रितुराज राणा ने बताया कि 2014 में तत्कालीन मुख्यमंत्री ने गांव के लिए मोटर मार्ग निर्माण की घोषणा की थी, जिसके बाद लोनिवि द्वारा सड़क का सर्वे भी किया गया था। विभाग की लापरवाही और राजनीतिक हस्तक्षेप के कारण निर्माण बंद पड़ा है। जल्द मार्ग का निर्माण शुरू नहीं करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। ज्ञापन देने वालों में अखिलेश नेगी, अवतार सिंह, जयेंद्र सिंह, प्रकाशी देवी, प्रभा देवी, रणवीर पंवार आदि शामिल हैं।