चिन्यालीसौड़। राजकीय महाविद्यालय के छात्रों की ओर से विभिन्न मांगों को लेकर कक्षाओं का बहिष्कार व प्रदर्शन किया गया। छात्रों ने शिक्षा मंत्री के खिलाफ भी नारेबाजी की और कॉलेज परिसर में धरना दिया। हालांकि बाद में प्राचार्य के आश्वासन पर छात्रों ने एक सप्ताह के लिए आंदोलन स्थगित कर दिया। छात्रों ने तय समय के अंदर कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
बुधवार को महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने कॉलेज की समस्याओं का समाधान न होने पर कक्षाओं का बहिष्कार किया, जिला प्रशासन व शिक्षा मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की। छात्रसंघ अध्यक्ष नागेंद्र बिष्ट ने कहा कि महाविद्यालय में एक साल से अधिक समय से राजनीति शास्त्र का शिक्षक नहीं है। उन्होंने कहा कि कॉलेज का नवनिर्मित भवन भी अभी तक हैंडओवर नहीं किया गया है। जल विद्युत निगम की भूमि महाविद्यालय के नाम दर्ज होने के बाद भी कॉलेज परिसर में रह रहे अन्य विभागीय कर्मचारियों से आवास खाली नहीं कराए गए हैं, जबकि पीने के पानी और पर्याप्त मात्रा में कुर्सी मेज भी छात्रों को उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। छात्रसंघ की ओर से चेतावनी दी गई है कि यदि एक सप्ताह के अंदर सभी मांगों का निराकरण नहीं हुआ, तो वे आंदोलन करेंगे। उधर, प्राचार्या डा. विजयलक्ष्मी ने कहा कि छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास किया जा रहा है। इस संबंध में जिला प्रशासन व संबंधित विभागों को पत्र भेजे गए हैं। प्रदर्शनकारियों में मुकेश कोहली, आलोक जुगेला, मनीषा, सोनी रावत, प्रीति राणा, सचिन पंवार आदि मौजूद थे।