उत्तरकाशी। भारत तिब्बत बार्डर पुलिस की 35वीं बटालियन की ओर से छात्रों ने शैक्षिक भ्रमण किया। इसके तहत बच्चों को आईटीबीपी के कार्यों व जीवन शैली के बारे में जानकारी देने के लिए शॉर्ट फिल्म व प्रदर्शनी भी दिखाई गई।
आईटीबीपी के माहीडांडा बेस कैंप में आयोजित कार्यक्रम में मसीह दिलासा विद्यालय के करीब 350 छात्र-छात्राएं व शिक्षकों की ओर से प्रतिभाग किया गया। छात्रों को आईटीबीपी के इतिहास व कार्यों पर आधारित शॉर्ट फिल्म दिखाई गई। सेनानी राकेश कुमार ने बताया कि भ्रमण का उद्देश्य छात्रों को आईटीबीपी के बारे में जानकारी देना है। फिल्म और प्रदर्शनी के माध्यम से हम बच्चों को एक हिमवीर के जीवन व कार्यों से अवगत कराना चाहते हैं, जिससे प्रेरणा लेकर वो भी सेना का हिस्सा बनकर देश सेवा कर सके। उधर, आईटीबीपी सीआईजेडब्ल्यू स्कूल की ओर से स्वच्छ भारत अभियान के तहत संग्राली गांव को गोद लिया गया। इस दौरान उप सेनानी नरेश कुमार सैनी के नेतृत्व में जवानों व ग्रामीणों ने मिलकर गांव में स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान के दौरान लिच्छु राम, सतनाम सिंह, जगवीर भवानी, शांति प्रसाद आदि मौजूद थे।