उत्तरकाशी। जीआईसी खरादी में जूनियर रेडक्रॉस इकाई का गठन किया गया। इस अवसर पर नवगठित शाखा के 100 स्वयंसेवियों को रेडक्रॉस के सात सिद्धांतों की शपथ दिलाई गई।
प्राथमिक सहायता के गोल्डन रूल समझाते हुए सेंट जोन्स एंबुलेंस के ट्रेंड फर्स्ट एडर राजेंद्र सिंह रावत ने आकस्मिक घटना के समय बरती जानी वाली सावधानियों एवं उपचार के बारे में बताया। उन्होंने रक्तस्राव रोकना, मरहम पट्टी करना, सर्प दंश, भूकंप, भूस्खलन घायलों की मदद सहित स्थानीय संसाधनों से स्ट्रेचर तैयार करना भी सिखाया। इस दौरान विद्यालय में फर्स्ट एड किट भी तैयार की गई। रेडक्रॉस फर्स्ट एड लेक्चर जुगल किशोर भट्ट ने स्वयंसेवियों को सीपीआर तकनीकी के बारे में बताया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य बदन सिंह, जगत चौहान, राकेश राणा, राधेश्याम डोभाल, संतोष भट्ट, मीनाक्षी भंडारी, घनानंद बिजल्वाण आदि मौजूद थे।