उत्तरकाशी। अमरनाथ यात्रियों पर आतंकी हमले के विरोध में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने हनुमान चौक पर पाकिस्तान और आतंकवाद का पुतला फूंका। साथ ही हमले में मारे गए यात्रियों को श्रद्धांजलि देने के लिए दो मिनट का मौन रखा।
बृहस्पतिवार को हनुमान चौक पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता भारी संख्या में एकत्र हुए। यहां उन्होंने पाकिस्तान व आंतकवाद के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए पुतला फूंका। उन्होंने केंद्र सरकार से पाक समर्थित आतंकवादी संगठनों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष चैन सिंह चौहान ने बताया कि पूर्व की भांति इस बार भी बजरंग दल के कार्यकर्ता 28 जुलाई को जम्मू के लिए रवाना होंगे। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष शिव प्रसाद, जिला मंत्री सुरेश सेमवाल, विकास चौहान, सूरज डबराल, दीपक नौटियाल, नितिन पंवार, चंद्र प्रकाश बहुगुणा और जितेंद्र आदि मौजूद थे।