उत्तरकाशी। जनपद में भारी बारिश को देखते हुए बुधवार को जिला प्रशासन की ओर से किसी भी यात्री को गोमुख नहीं जाने दिया गया। इसके चलते गोमुख जाने वाले यात्रियों को गंगोत्री में ही विश्राम करना पड़ा। वहीं गुरुवार को मौसम साफ रहने पर ही यात्रियों को गोमुख जाने की अनुमति दी जाएगी।
मौसम विभाग द्वारा भारी बारिश की संभावना को लेकर किए गए अलर्ट के बीच जिला प्रशासन ने भी यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए बुधवार को किसी भी यात्री को गंगोत्री से गोमुख जाने की अनुमति नहीं दी। इस बीच गोमुख जाने वाले यात्रियों को गंगोत्री में ही विश्राम करना पड़ा। वहीं जिलाधिकारी डा. आशीष कुमार श्रीवास्तव के अनुसार गुरुवार को मौसम साफ रहने पर ही यात्रियों को गोमुख जाने की अनुमति दी जाएगी। बारिश के बीच सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। जनपद में भारी वर्षा को देखते हुए गुरुवार को डीएम ने इंटरमीडिएट तक के सभी शासकीय व अशासकीय के अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों के लिए अवकाश घोषित किया है। बुधवार को भी स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई थी, लेकिन डीएम के आदेश को दरकिनार करते हुए कई प्राइवेट स्कूल बुधवार को खुले नजर आये। इसके कारण बच्चे भीगते हुए स्कूल पहुंचे। डीएम ने मामले में सख्ती दिखाते हुए ऐेसे स्कूलों को चिह्नित करते हुए डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट के तहत नोटिस भेजने के आदेश शिक्षा विभाग और संबंधित क्षेत्रों के एसडीएम को दिए हैं। साथ ही एसडीआरएफ व आपदा प्रबंधन टीम को भी अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
भागीरथी नदी का जलस्तर खतरे से दो मीटर कम
पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही बारिश के कारण भागीरथी नदी का जल स्तर भी बढ़ गया है। बुधवार को आपदा प्रबंधन विभाग ने भागीरथी नदी का जल स्तर तिलोथ पुल के पास 1120.80 मीटर मापा। जबकि 1122 मीटर पर चेतावनी का निशान है और 1123 मीटर पर खतरे का निशान है। आपदा प्रबंधन अधिकारी डीएस पटवाल ने बताया कि 1125.70 मीटर पर बाढ़ आने का खतरा है। नदी का जल स्तर प्रति घंटे घटता बढ़ता रहता है, एहतियातन लोगों को नदी के तट पर जाने के लिए मना किया गया है।