उत्तरकाशी (ब्यूरो)। लाखों के भ्रष्टाचार और घोटाले के आरोपों में घिरी पालिका बाड़ाहाट अध्यक्ष जयेंद्री राणा ने कहा कि यदि अधिकारियों-कर्मचारियों ने भ्रष्टाचार किया है, तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ईओ से सोमवार तक पालिका में हुई अनियमितताओं पर स्पष्टीकरण मांगा है। नहीं देने पर एफआरआई दर्ज करने की चेतावनी दी।
शनिवार को पालिकाध्यक्ष ने पत्रकार वार्ता में कहा कि बाहरी लोगों द्वारा पालिका पर लाखों रुपये के घोटाले का आरोप लगाया जा रहा था। इसके लिए पालिका ने सभासदों की पांच सदस्यीय जांच समिति का गठन किया था। समिति ने 29 जून को इसकी रिपोर्ट पालिका को सौंपी थी, जो 30 जून को प्राप्त हुई। जांच रिपोर्ट में पाया गया कि पालिका में लाखों का घोटाला हुआ है। इसके लिए एक जुलाई को अधिशासी अधिकारी सुशील कुमार कुरील से स्पष्टीकरण मांगा है, जिसकी रिपोर्ट वह 9 जुलाई को देंगे। यदि घोटाले में ईओ की संलिप्तता पाई जाती है, तो उनके खिलाफ एफआरआई दर्ज होगी। उधर, जांच समिति के अध्यक्ष भूदेव कुड़ियाल ने बताया कि यदि पालिका शीघ्र ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करती, तो वे क्रमिक अनशन शुरू कर देंगे। इस मौके पर सभासद अरविंद उनियाल, सुदर्शन रावत आदि मौजूद थे।