उत्तरकाशी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से पुरोला में आयोजित क्षय रोग मुक्त भारत अभियान के तहत जानकारी दी गई कि इस वित्तीय वर्ष में जनपद की 125 ग्राम पंचायत टीबी मुक्त हो चुकी हैं। इन्हें आगामी 24 मार्च को सम्मानित किया जाएगा।
इसके साथ ही आगामी वित्तीय वर्ष में 117 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत शामिल किया गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ बी एस रावत की अध्यक्षता में पुरोला में टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत ब्लाॅक को टीबी मुक्त बनाने के लिए एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें ब्लाॅक के स्वास्थ्य कर्मी, आशा, सीएचओ, एएनएम, ग्राम प्रधानों ने प्रतिभाग किया।
इस दौरान सीएमओ ने कहा कि वर्ष 2026 तक ब्लॉक पुरोला को टीबी मुक्त बनाए जाने का संकल्प लिया गया है। वर्ष 2025 में 21 ग्राम पंचायत को टीबी मुक्त अभियान के तहत चयन किया गया था। वहां पर जांचों के बाद टीबी मुक्त घोषित किया गया है। साथ ही अब अन्य गांव को भी क्षय रोग से मुक्त किया जाएगा। उन्होंन आम लोगों सहित आम, जनप्रतिनिधियों आशा और स्वास्थ्य कर्मियों से अपील की कि वह इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर सक्रीय भूमिका निभाएं।
साथ ही टीबी से ग्रसित मरीज की जानकारी विभाग को समय पर उपलब्ध करवाएं। इस मौके पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरसी आर्य, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ मनोज असवाल, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. कुलबीर राणा मौजूद रहे। संवाद