अरविंद केजरीवाल और कर्नल (रिटायर्ड) अजय कोठियाल
- फोटो : अमर उजाला
आम आदमी पार्टी ने उत्तराखंड में मजबूती के साथ अपना चुनाव प्रचार अभियान शुरू कर दिया है। इसके अंतर्गत हर बूथ पर आम आदमी पार्टी कार्यकर्ता पहुंचकर लोगों से संवाद कर रहे हैं और राज्य के लोगों को बता रहे हैं कि राज्य की राजनीति में बदलाव के लिए आम आदमी पार्टी का सत्ता में आना क्यों जरूरी है। पार्टी कार्यकर्ता हर मतदाता से सत्ता में आने पर उन्हें 300 यूनिट बिजली मुफ्त मिलने और युवाओं को रोजगार मिलने की बात भी कह रहे हैं।
आप कैंपेन कमेटी के अध्यक्ष दीपक बाली ने कहा है कि राज्य में आम आदमी पार्टी का विकल्प मिलने से समाज के लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य के लोग भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस की पारंपरिक राजनीति से उकता गए हैं और अब प्रदेश में विकास की एक नई राजनीति देखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि इसी को देखते हुए कांग्रेस और भाजपा के अनेक नेता भी आम आदमी पार्टी में लगातार आ रहे हैं और यह क्रम आगे भी चलता रहेगा। आप नेता ने कहा कि उनकी पार्टी लोगों के लिए काम करने के लिए संकल्पबद्ध है।