कलक्ट्रेट परिसर में शनिवार को डंडा लेकर घुसे जसपुर निवासी युवक ने एक अफसर पर अनर्गल आरोप लगाते हुए करीब एक घंटे तक जमकर उत्पात मचाया। तीन साल पहले से मानसिक रूप से बीमार बताया जा रहा यह युवक डीएम पर हमला करने की नीयत से उनके कक्ष तक पहुंच गया। गनीमत रही कि डीएम पांच मिनट पहले ही कक्ष से चले गए थे। वहां मौजूद दो अनुसेवकों को युवक ने डंडे से चोटिल कर दिया। उसे काबू करने की कोशिश में होमगार्ड की वर्दी फट गई और वह घायल भी हो गया। आरोपी ने एक सिपाही का मोबाइल जमीन पर पटक डाला। पुलिस ने उसे बड़ी मशक्कत से काबू किया और सिडकुल चौकी ले गई। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
रुद्रपुर। कलक्ट्रेट में डीएम कक्ष में सिरफिरे के डंडा लेकर घुसने से अफसर भी सकते हैं। संयोग रहा कि डीएम घटना के महज पांच मिनट पहले ही अपने कक्ष से निकले थे। यदि डीएम कक्ष में रहते तो शायद अनहोनी हो सकती थी।
शनिवार को विकास भवन में ग्राम स्वराज अभियान के आजीविका दिवस समारोह में शिरकत करने के बाद डीएम डॉ. नीरज खैरवाल कुछ देर के लिए कलक्ट्रेट स्थित कार्यालय में आए थे। उनके जाने के महज पांच मिनट बाद ही डीएम के कक्ष का दरवाजा खोलकर सिरफिरा नासिर अंदर दाखिल हो गया। डीएम कक्ष में सिरफिरे के शोर और उसके आरोपों से एडीएम जगदीश कांडपाल और अन्य अफसर एवं कर्मचारी भी हैरान थे। आरोपी एक अफसर को अपनी बहन बता रहा था।
इधर, डीएम डॉ. नीरज खैरवाल से संपर्क नहीं हो सका। एडीएम जगदीश कांडपाल ने कहा कि फरियादी के तौर पर ही यह व्यक्ति अंदर आ गया था। वह दिमागी रूप से अस्वस्थ लग रहा है। मेडिकल जांच के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा। वहीं एसएसपी डॉ. सदानंद दाते ने बताया कि घटना को देखते हुए कलक्ट्रेट में सुरक्षा बढ़ाई जाएगी।
सिडकुल चौकी में एएसपी से भिड़ा सिरफिरा
रुद्रपुर। कलक्ट्रेट में घुसे सिरफिरे नासिर हुसैन को पकड़कर पुलिसकर्मी सिडकुल चौकी ले गए तो वहां एएसपी स्वतंत्र कुमार भी पहुंच गए। उन्होंने जैसे ही नासिर से पूछताछ शुरू की तो वह भड़ककर उन पर ही हमलावर हो गया। इसी बीच वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने नासिर पर काबू पाया। इसके बाद एएसपी कलक्ट्रेट पहुंच गए। बताया कि नासिर की दिमागी हालत ठीक नहीं है। वह ईद से पहले भी जसपुर में ऐसे ही हंगामा करने पर जेल जा चुका है। इससे पहले आरोपी देहरादून में भी ऐसा हंगामा कर चुका है।
तीन साल से चल रहा है उपचार
रुद्रपुर। कलक्ट्रेट में उत्पात मचाने वाले नासिर हुसैन के परिजनों और खुद को पड़ोसी बताने वाले मोहम्मद आरिफ ने एडीएम नजूल जगदीश कांडपाल से मुलाकात की। परिजनों ने नासिर के दिमागी रूप से अस्वस्थ होने की जानकारी दी। आरिफ ने बताया कि नासिर हुसैन मानसिक रूप से अस्वस्थ है और उसका मुरादाबाद के एक मेंटल हॉस्पिटल से इलाज चल रहा है। इसी वजह से नासिर को कमरे में ही बंद रखते हैं। वह अचानक सुबह से गायब था। वे लोग काशीपुर और रामनगर में तलाश कर रहे थे, लेकिन नासिर के रुद्रपुर होने की जानकारी मिलने पर वे लोग यहां पहुंचे।