अज्ञात कारणों के चलते 22 वर्षीय युवक ने परिजनों की गैर मौजूदगी में पंखे से लटककर खुदकुशी कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है।
वार्ड नंबर नौ में सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापिका सरोज बाला शर्मा अपने पति उमेश शर्मा की मौत के बाद दो बेटों तरुण एवं वरुण के साथ रह रही हैं।
बड़ा बेटा तरुण पीआरडी में कार्यरत है जबकि वरुण अनाज मंडी में पल्लेदारी का कार्य करता था। रोजमर्रा की तरह सरोज बाला शाम 4 बजे सत्संग के लिए घर से चली गई। तरुण ड्यूटी पर गया हुआ था। वरुण घर पर ही मौजूद था। शाम करीब 6 बजे सरोज बाला शर्मा सत्संग से लौटीं।
उन्होंने घर के दरवाजे को बंद पाया। आवाज देने पर भी जब अंदर से कोई आवाज नहीं आई तो उन्होंने पास में रहने वाले एक बच्चे को बुलाकर रोशनदान के सहारे अंदर भेजा। दरवाजा खुलने पर सरोज बाला शर्मा ने कमरे के अंदर जाकर देखा तो उनके होश उड़ गए। कमरे में वरुण पंखे के कुंडे से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ था।
चीखपुकार पर तमाम लोगों की भीड़ उमर पड़ी। पास में ही रहने वाले सभासद सतीश कुमार मिड्डा ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर थाना अध्यक्ष ललित मोहन जोशी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिसकर्मियों की मदद से वरुण के शव को नीचे उतारा और पंचनामे के उपरांत पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है।