जसपुर। क्षेत्र के एक युवक ने थाईलैंड की सबसे ऊंची चोटी डोई इंथानोन पर तिरंगा फहराया। उन्होंने 35 किमी की दूरी को पांच घंटे में तय कर 8481 फीट ऊंची चोटी पर पहुंचने की सफलता हासिल की।
ग्राम बढ़ियोवाला निवासी परवेंद्र सिंह (28) के अनुसार उन्होंने अपनी यात्रा आठ मई को बैंकाॅक से शुरू की थी। नौ मई को वह तड़के ढाई बजे थाईलैंड के चियांग माई शहर पहुंच गए। यहां से सुबह आठ बजे नेशनल पार्क के लिए रवाना हुए। नौ मई को 35 किमी की दूरी तय करने के बाद शाम चार बजे उन्होंने थाईलैंड की 8481 फीट सबसे ऊंची चोटी डोई इंथानोन पर तिरंगा फहराया। उनका कहना है कि इसके माध्यम से उन्होंने नशामुक्त उत्तराखंड का संदेश दिया। परवेंद्र ने इससे पहले मलेशिया की सबसे ऊंची छोटी माउंट किनाबालू, फ्रेंडशिप पीक, शीतीधार पीक हिमाचल एवं वियतनाम की सबसे ऊंची चोटी फांसी पान को भी फतह किया है।
उन्होंने बताया कि भविष्य के एक हजार दिनों में 100 देशों की यात्रा कर कई चोटियों को फतह करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इनमें रसिया और आर्मेनिया की चोटियां भी शामिल हैं। परवेंद्र की इस कामयाबी पर जनप्रतिनिधियों समेत कई लोगों ने उन्हें बधाई दी।