सितारगंज। नकुलिया चौराहे के पास किराये पर रहने वाले देवानंद (26) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। भाई विजय ने अपनी भाभी सुषमा पर जहर देकर देवानंद की हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने महिला के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है।
गांव सिसैया बंधा, झनकईया निवासी विजय पुत्र आसकरन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका बड़ा भाई देवानंद (26) करीब दो साल से नकुलिया चौराहे के पास स्थित किराये के मकान में भाभी सुषमा के साथ रह रहा था। वह सिडकुल की एक कंपनी में काम करता था।
विजय ने बताया कि 19 मई की शाम करीब 6:30 बजे भांजे राहुल ने उसे फोन कर भाई देवानंद के कमरे में बेहोश पड़े होने की जानकारी दी। जब वह भाई के घर नकुलिया पहुंचा तो देवानंद अचेत पड़ा था और उसके मुंह ने झाग निकल रहा है।
उसने देवानंद को उप जिला चिकित्सालय सितारगंज में भर्ती कराया। गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। हायर सेंटर ले जाते वक्त रास्ते में उसकी मौत हो गई।
उसने भाभी पर मकान मालिक के साथ अवैध संबंध होने का आरोप लगाते हुए कहा कि उसने ही भाई देवानंद को जहर दिया होगा। मामले में पुलिस ने महिला के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एक साल पहले हुई थी शादी
विजय के अनुसार देवानंद की एक साल पहले शादी हुई थी। उसका आरोप है कि सुषमा और उसके मायके वाले काफी समय से भाई को रुपयों के लिए परेशान कर रहे थे। रुपये नहीं देने पर उसे जान से मारने की धमकी देते थे। भाभी भी आए दिन झगड़ा करती रहती थी। कहा कि घटना के दौरान सुषमा छत पर टहल रही थी। भांजे राहुल को देख वह घर से भाग गई।
सीओ सितारगंज, बीएस धौनी ने बताया मौत के स्पष्ट कारणों का पता लगाने के लिए मृतक के विसरा को टेस्ट के लिए भेजा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।