खरीदे गए पूरे मकान पर कब्जा न मिलने से परेशान दिव्यांग युवक ने किच्छा तहसील के सामने जहर खा लिया। आनन-फानन में उसे हल्द्वानी सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
किच्छा तहसील के गांव पटेरी निवासी राजू पांडे (40) शुक्रवार को किच्छा तहसील के सामने जहर खाकर बेहोश हो गया। परिजनों ने बताया कि वह बीमार रहता था और पूरे मकान पर कब्जा न मिलने से परेशान था। परिजन उसे लेकर एसटीएच आए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मेडिकल चौकी पुलिस ने शनिवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
मृतक की पत्नी रूपा ने बताया कि एक रिश्तेदार ने उन्हें घर की जगह दिलवाई। उसने मकान के रुपये तो पूरे ले लिए, लेकिन कब्जा कम जगह का दिया। इसको लेकर उसके पति काफी तनाव में थे। उधर, पुलभट्ठा थानाध्यक्ष मोहन चंद पांडे ने पटेरी गांव में किसी व्यक्ति द्वारा आत्महत्या करने की सूचना पर अनभिज्ञता जताई। पांडे ने बताया कि उन्हें किसी ने भी इस घटना की सूचना नहीं दी है। फिर भी वह मामले कर पता कर रहे हैं।
पति की तलाश में दर-दर भटकती रही रूपा
मृतक राजू की पत्नी रूपा पांडे पति की तलाश में शुक्रवार रात पुलभट्ठा थाना समेत कई जगह भटकती रही लेकिन किसी ने भी उसकी मदद नहीं की। पुलभट्ठा पुलिस ने उसे कल सुबह आना कहकर उसे लौटा दिया। बताया कि उसके पति कई साल पहले बीमार हुए और उनके धड़ से निचले के हिस्से ने काम करना बंद कर दिया।
तब से वह घर में चारपाई पर ही रहते थे। पिछले दिनों कांग्रेसी नेता हरीश पनेरू ने उनके पति को ट्राइसाइकिल दिलाई तो वह बाहर निकलने लगे। रूपा ने बताया कि एक रिश्तेदार ने उन्हें घर की जगह दिलवाई। उसने रुपये तो पूरे ले लिये लेकिन कब्जा कम जगह का दिया। इसको लेकर उसके पति काफी तनाव में थे। शुक्रवार सुबह उसके पति घर से निकले लेकिन रात तक घर नहीं लौटे।
इससे चिंतित रूपा अपने पड़ोसी को साथ लेकर थाना पुलभट्ठा पहुंची जहां पर पुलिस ने उन्हें कल आने की बात कहकर टरका दिया। इसके बाद रूपा रात करीब 10 बजे वह किच्छा पहुंची तो देखा कि रजिस्ट्रार कार्यालय के पास उसके पति राजू तड़प रहा था। राजू ने रूपा को बताया कि उसने जहर पी लिया है और उसने रूपा को कंप्यूटर से टाइप किया एक सुसाइड नोट दिया।
परिवार की हालत दयनीय
ग्रामीणों के अनुसार राजू का परिवार लगभग 10 वर्षों से गांव में रह रहा था। घर में पत्नी रूपा के अलावा दो बेटियां पिंकी, प्रिया और एक बेटा दलीप है। उसकी मौत की सूचना पर रुद्रपुर में रहने वाला राजू का भाई अतुल अपने परिजनों समेत पटेरी पहुंच गया। ग्रामीणों ने बताया कि रूपा की मजदूरी से ही घर का खर्चा चलता है। कई बार पड़ोसी लोग ही इनके भूखे बच्चों को खाना देते हैं। राजू के अंतिम संस्कार का खर्च भी ग्रामीणों ने उठाया।
पुलिस को घटना की जानकारी नहीं
पुलभट्ठा थानाध्यक्ष मोहन चंद पांडे ने पटेरी गांव में किसी व्यक्ति द्वारा आत्महत्या करने की सूचना पर अनभिज्ञता जताई। पांडे ने बताया कि उन्हें किसी ने भी इस घटना की सूचना नहीं दी है। फिर भी वह मामले कर पता कर रहे हैं।