खटीमा की सूखी नहर में डूबे किशोर की तलाश में जुटी एसडीआरएफ की टीम।
- फोटो : amar ujala
गंगा दशहरा पर पहेनियां के पास परवीन नदी में स्नान को गया मुड़ेली का युवक डूब गया। ग्रामीणों और पुलिस के प्रयास से शव बरामद कर लिया गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
बुधवार को क्षेत्र के कई युवक पहेनियां और झनकट के बीच परवीन नदी पर स्नान को गए थे।
ड़ेली निवासी प्रेम सिंह राणा (18) पुत्र राधेश्याम सिंह राणा नदी में कूदा तो पानी के अंदर टूटी हुई बेरीकेडिंग में उसका पैर फंस गया, जिससे वह बाहर नहीं निकल सका। शाम को जब युवक घर जाने लगे तो उसके कपड़े वहीं पड़े देखकर साथियों को उसके डूबने की आशंका हुई, जिस पर उसकी ढूंढखोज शुरू हुई। पुलिस और ग्रामीणों के प्रयास से देर शाम नदी से उसका शव बरामद कर लिया गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। प्रेम सिंह रामकुमारी अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर में 12वीं का छात्र था। वह चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था। दोनों बहनों की शादी हो चुकी है और बड़ा भाई राहुल देहरादून में पढ़ाई कर रहा है। मेलाघाट के घाट पर प्रेम का अंतिम संस्कार किया गया।
सूखी नहर में डूबे सुनील की तलाश में जुटी एसडीआरएफ की टीम
खटीमा। सूखी नहर में डूबे सुनील की तलाश बृहस्पतिवार को तीसरे दिन भी जारी है। इसमें पुलिस और एसडीआरएफ की टीम लगी हुई हैं लेकिन समाचार लिखे जाने तक कोई सफलता नहीं मिली है।
लोहियाहेड पावर हाउस के बाईपास के रूप में इस्तेमाल होने वाली सूखी नहर में कालापुल निवासी सुनील सामंत (15) पुत्र स्व. नरेश सामंत 11 जून की सुबह नहाते हुए डूब गया था। पुलिस और एसडीएआरएफ की टीमें तलाश में जुटी हैं। नहर में बड़ी-बड़ी घास, झाड़ियां और कई हिस्सों में बंटकर पानी के बहने के कारण सुनील की तलाश में टीम को दिक्कत आ रही है। वहीं, पावर हाउस की सप्लाई का पानी अधिक होने के कारण नहर में पानी का बहाव भी अधिक है।