रुद्रपुर। तराई में शीतलहर के बीच गर्मी भले ही अभी कम है लेकिन सियासी पारा बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस में जाने की चर्चाओं के बीच पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने एक बार फिर चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने नाम लिए बिना विरोधियों पर जुबानी हमला बोला। कहा कि मुझसे बड़ा हिंदू बनने के लिए तुम्हें सात जन्म लेने पड़ेंगे। मैं कांग्रेस में जा रहा हूं तो मेरा धर्मांतरण नहीं हो रहा है।
बुधवार को सोशल मीडिया (फेसबुक) पर ठुकराल का एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें वह कह रहे हैं कि मैं कांग्रेस में जा रहा हूं तो मैंने कोई धर्म ज्वॉइन नहीं कर लिया है। मैं हिंदू की संतान हूं। कर्म से भी हिंदू हूं। मुझसे बड़ा हिंदू बनने के लिए इन सब नेताओं को सात जन्म लेने होंगे।
ठुकराल ने कहा कि कोई मुसलमान ये नहीं कहता कि तुम हिंदू धर्म छोड़ दो, तुम राम की पूजा छोड़ दो या हिंदुत्व को छोड़ दाे। हिंदुत्व और राम की रजिस्ट्री इनके नाम पर नहीं है। हिंदू बनने और रामजी की पूजा करने के लिए मुझे किसी भी भाजपा नेता का प्रमाणपत्र नहीं चाहिए।
मैं जन्म से हिंदू हूं और मरते दम तक हिंदू ही रहूंगा। ठुकराल का कहना है कि मैं कांग्रेस पार्टी ज्वॉइन करूंगा तो धर्मनिरपेक्ष रहूंगा। कभी किसी का बुरा नहीं करूंगा। मैं दस साल विधायक रहा और पांच साल सिटी का चेयरमैन भी रहा। कोई एक व्यक्ति आ जाए जिसका राजकुमार ठुकराल ने उत्पीड़न किया हो। ठुकराल के इस बयान से राजनीति के गलियारों में फिर चर्चाओं का बाजार गर्म है।