मौसम विज्ञान विभाग ने किसानों से खेत में उचित जल निकासी की व्यवस्था करने को कहा
पंतनगर। मौसम विज्ञान विभाग की ओर से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार जिले में अगले दो दिन तेज आंधी और हल्की से मध्यम बारिश (15-35 मिमी) हो सकती है। अधिकतम तापमान जहां 29-31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25-26 डिग्री सेल्सियस बने रहने की उम्मीद है।
जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक और निदेशक शोध डाॅ. अजित सिंह नैन के अनुसार 17-18 अगस्त को अलग-अलग स्थानों पर बिजली कड़कने के साथ आंधी और तीव्र से बहुत तीव्र बारिश की संभावना है। इसके संबंध में भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की ओर से भी यलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान हवा पूर्व-दक्षिण, दक्षिण-पूर्व-पूर्व और पूर्व-दक्षिण-पूर्व दिशा से 3-7 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की उम्मीद है। जिससे जलभराव, बुवाई और छिड़काव कार्यों में व्यवधान आना स्वाभाविक है। किसानों को सलाह है कि खेत में उचित जल निकासी की व्यवस्था करें और भारी बारिश की स्थिति में छिड़काव आदि कार्य स्थगित कर दें।