रुद्रपुर। सिडकुल पंतनगर स्थित एक निजी औद्योगिक इकाई में घोषित लेऑफ के विरोध में श्रमिकों ने फैक्ट्री गेट पर प्रदर्शन किया। कर्मचारी यूनियन के बैनर तले जुटे श्रमिकों ने प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। उप श्रमायुक्त को ज्ञापन सौंपकर समस्या का निदान कराने की मांग की।
शुक्रवार को प्रदर्शन के दौरान श्रमिकों ने लेऑफ तत्काल समाप्त करने, प्लांट का संचालन दोबारा शुरू कराने और सभी प्रभावित कर्मचारियों को काम पर वापस लेने की मांग की। कहा कि न्यूनतम वेतन और कुशल श्रेणी का लाभ दिलाने संबंधी औद्योगिक विवाद पहले से लंबित है। अब प्रबंधन ने एक जुलाई से लंबी अवधि के लिए लेऑफ लागू कर दिया, जिससे कर्मचारियों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। यूनियन का आरोप है कि पहले भी बड़ी संख्या में कर्मचारियों की छंटनी और लेऑफ का मामला अदालतों तक पहुंच चुका है। न्यायिक प्रक्रिया और समझौते के बाद प्लांट दोबारा संचालित हुआ था। अब फिर से उत्पादन कम करने और कच्चा माल दूसरी इकाइयों में भेजने के बाद लेऑफ लागू कर दिया गया है। उन्होंने उप श्रमायुक्त से मामले में हस्तक्षेप कर सभी प्रभावित कर्मचारियों की तत्काल कार्यबहाली कराने की मांग की।