खटीमा। शहरी विकास मंत्री बंशीधर भगत पूर्णागिरि धाम मेले के उद्घाटन अवसर पर जाते समय यहां कार्यकर्ताओं के स्वागत समारोह में शामिल हुए।
नगर के एक बैंक्वेट हाल में आयोजित कार्यक्रम में काबीना मंत्री भगत ने कहा कि मिशन 2022 के लिए कार्यकर्ता तैयार रहें। उन्होंने कहा कि प्रदेश वासियों की मांग पर प्राधिकरण का मामला स्थगित किया गया है।
उन्होंने विधायक पुष्कर सिंह धामी की ओर से उठाए गए सीएम की घोषणा के तहत खकरा एवं ऐठा नाले को पक्का करने के मामले में जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। मामले में ईओ नगर पालिका को तलब किया गया। ईओ ने पांच दिन में नाले से मलबा हटाने का आश्वासन दिया। विधायक ने ट्रंचिंग ग्राउंड एवं सीमा वृद्धि के बाद बने नए वार्डों के विकास के लिए अतिरिक्त बजट अवमुक्त कराने को कहा।
इस दौरान महिला कार्यकर्ता रेनू भंडारी ने कुमाऊं विकास भवन स्थापितकी मांग उठाई। काबीना मंत्री भगत के कार्यकर्ताओं की भावना के अनुरूप हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। वहां चंपावत विधायक कैलाश गहतोड़ी, किसान आयोग उपाध्यक्ष राजपाल सिंह, सतीश गोयल, मोहनी पोखरिया, नंदन सिंह खड़ायत, वरुण अग्रवाल, अमित पांडे, हरीश जोशी, हिमांशु बिष्ट, नवीन कन्याल आदि मौजूद थे।
इधर काबीना मंत्री के कार्यक्रम में अपनी मांगों को लेकर दबाव बनाने पहुंचे नगर पालिका सफाई कर्मचारियों से कहा गया कि कार्यक्रम में अराजकता नहीं फैलाएं। सफाई कर्मचारियों को अपनी बात कहनी है तो वे इंतजार करें। उन्हें समय दिया जाएगा। इस पर सफाई कर्मचारी नेता कार्यक्रम स्थल के बाहर इंतजार करने लगे।