सितारगंज सिडकुल में धरना प्रदर्शन करते हेलमेट कंपनी के श्रमिक।
- फोटो : SITARGANJ
सिडकुल की हेलमेट कंपनी के श्रमिक विभिन्न मांगों को लेकर मुखर हो उठे हैं। उन्होंने कंपनी के सामने एल्डिको पार्क में धरना दिया और प्रदर्शन किया। कहा कि कंपनी से श्रमिकों को बिना सूचना के निष्कासित किया जा रहा है। बिना पैसों को ओवरटाइम का कार्य भी समाप्त किया जाए।
शनिवार को धरना दे रहे एरोन हेलमेट प्राइवेट लिमिटेड के श्रमिकों ने आरोप लगाया कि प्रबंधन की ओर से बिना सूचना के श्रमिक विरेंद्र सिंह पानू को निष्कासित कर दिया गया और अब उन्हें काम पर भी नहीं लिया जा रहा है। कहा कि छुट्टियों के बकाया पैसों का अभी तक भुगतान नहीं किया गया और तनख्वाह में भी कटौती की है। पांच साल से वेतन वृद्धि भी नहीं हुई।
बिना पैसों के ओवरटाइम काम कराया जा रहा है। कंपनी में स्वच्छ पानी की सुविधा भी नहीं है। इससे श्रमिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कंपनी के प्लांट हेड ने श्रमिकों से वार्ता भी की। श्रमिकों ने ठेकेदारी प्रथा खत्म करने, अस्थायी कर्मचारियों को स्थायी करने, वेतन वृद्धि व छुट्टियों के बकाया पैसा का भुगतान कराने की मांग की। प्लांट हेड के समझाने पर भी श्रमिक नहीं माने और अपनी मांगों पर अडिग रहे।
खबर लिखे जाने तक धरना जारी था। वहां उमेश चंद राय, नरेंद्र सिंह, खेम राज, बग्गा सिंह, रविंद्र सिंह, सचिन सिंह, नंद किशोर, वासुदेव, क्षेत्रपाल, विक्रम ढाली, कुलवंत सिंह, पुष्पेंद्र सिंह आदि थे।