काशीपुर में शहर से गुजरती लक्ष्मीपुर माइनर। संवाद
- फोटो : KASHIPUR
शहर के बीच बहने वाली लक्ष्मीपुर माइनर को भूमिगत करने की प्रक्रिया जल्द ही शुरू हो सकती है। नगर निगम ने इसके लिए टेंडर आमंत्रित कर दिए हैं। टेंडर स्वीकृत होने पर माइनर को ढक कर इसके ऊपर सड़क बनाई जाएगी।
पिछले वर्ष सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने लक्ष्मीपुर माइनर को भूमिगत कर इसके ऊपर सड़क बनाने की घोषणा की थी। इसके लिए नगर निगम की ओर से डीपीआर तैयार करने के बाद शासन ने 22 करोड़ रुपये का बजट भी स्वीकृत किया था। इसके बाद भी माइनर को भूमिगत करने का काम शुरू नहीं हो सका। इसके पीछे का मुख्य कारण माइनर के ऊपर अतिक्रमण होना बताया जा रहा था।
नगर निगम के अवर अभियंता ईश्वर सिंह ने बताया कि अब माइनर निर्माण के लिए टेंडर आमंत्रित किए गए हैं। सवा तीन किलोमीटर लंबी लक्ष्मीपुर माइनर गिरीताल से शुरू होकर शहर के बीच से गुजरते हुए मुरादाबाद रोड से ढकिया गुलाबो को निकलती है। माइनर को भूमिगत करने के लिए इसके नीचे पक्का बेसमेंट बनाकर ऊपर सड़क बनाई जाएगी। सफाई के लिए इसमें चेंबर तैयार किए जाऐंगे और पानी निकासी के लिए दोनों तरफ नालियां भी बनेंगी।