भूरारानी क्षेत्र में रविवार रात को दबंगों ने एक घर में घुसकर युवती को अगवा करने के प्रयास किया। विरोध करने पर परिजनों के साथ जमकर मारपीट भी की गई। युवती समेत तीन लोग घायल हो गए।
युवती को उठाने के प्रयास की सूचना से गांव में खलबली मच गई। घटना के बाद युवती ने जहर खा लिया, जिसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल मामले की पुलिस में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ कार्रवाई की तहरीर दी है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम भूरारानी की दुर्गा कालोनी निवासी एक व्यक्ति के घर में कुछ दबंग किस्म के युवक घुस आए और युवती को उठाने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि जब परिजनों ने विरोध किया तो दबंगों ने उनके साथ मारपीट की। शोरशराबा मचने पर पड़ोस के लोग एकत्र होने लगे। मौका पाकर आरोपी भाग निकले।
मारपीट में युवती, उसका चाचा और आरोपियों में से एक घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। गांव में युवती को उठाने की प्रयास की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। बाद में दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर सौंपी।
युवती के पक्ष के लोगों ने पुलिस को बताया कि उसकी पुत्री को परेशान किया जाता है। विरोध पर गालीगलौज कर मारपीट करने पर उतारू हो जाते है। उधर, बताया जा रहा है कि घटना से गुस्साई युवती ने जहर खा लिया। गंभीर हालत में उसे शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद से पुलिस पूरी मामले की जांच कर रही है।