रुद्रपुर के रम्पुरा वार्ड 25 में शनिवार शाम बाजार से घर लौट रही महिला के साथ कथित तौर पर सम्मोहन के जरिए ठगी का मामला सामने आया है। तीन अज्ञात युवकों ने पहले महिला को रास्ते में रोककर बातचीत की और फिर उसे अपने झांसे में ले लिया। आरोप है कि युवकों ने महिला से सात हजार रुपये और मोबाइल फोन ले लिया। इसके बाद महिला उनके प्रभाव में आकर घर पहुंची और वहां से नकदी व जेवरात लेकर वापस आ गई। उसने घर से लाए जेवरात और नकदी भी तीनों युवकों को सौंप दी।
विज्ञापन
युवकों के जाने के बाद महिला को होश आया तो उसे अपने साथ हुई ठगी का पता चला। उसने आसपास आरोपितों की तलाश की, लेकिन उनका सुराग नहीं मिला। पीड़िता रामवती पत्नी महेंद्र ने पुलिस से आरोपितों को पकड़कर नकदी और जेवरात बरामद कराने की मांग की है। एसएसआई खुशवंत सिंह ने बताया कि तीन अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।