जंगल से भटक कर गांव में पहुंचे जंगली सूअर ने महिला पर हमला कर उसे गंभीर रुप से घायल कर दिया। महिला के शोर मचाने पर एकत्र ग्रामीणों ने सूअर को घेरकर लाठी डंडों से मार डाला। सूचना मिलने पर पहुंचे वनकर्मियों ने सूअर के शव को कब्जे में ले लिया।
शनिवार की सुबह कुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम केसरी गणेश निवासी इंद्रवती (42) पत्नी राजाराम अपने घर के बाहर चारपाई पर बैठी थी। इसी बीच अचानक जंगली सूअर आ धमका। इंद्रवती ने उसे भगाने की कोशिश की तो वह उल्टा झपट पड़ा। उसने इंद्रवती पर हमला कर जमीन पर गिरा दिया और उसका एक हाथ चबा डाला। महिला के चिल्लाने पर सूअर उसके घर में घुस गया।
इंद्रवती ने साहस दिखाते हुए घर का दरवाजा बंद कर दिया। इसी बीच बड़ी संख्या में एकत्र ग्रामीणों ने सूअर को डंडों से पीटकर मौत के घाट उतार डाला। सूचना मिलने पर कुंडा पुलिस, पतरामपुर रेंज के वनकर्मी मुकेश चंद और स्टाफ वहां पहुंच गया। ग्रामीणों ने वन कर्मियों को बताया कि सूअर काफी खतरनाक और आक्रामक था। हमले में इंदिरा की जान बच गई। अगर ग्रामीण सूअर को नहीं मारते तो वह कई लोगों को मार डालता। इंद्रवती को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रेंजर सुदर्शन ध्यानी ने बताया कि सुअर के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले की जांच के आधार पर ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।