शक्तिफार्म। सुरेंद्र नगर गांव निवासी महिला घर में फंदे पर लटकी मिली। ससुराली महिला को उप जिला चिकित्सालय सितारगंज ले गए। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। मायका पक्ष ने ससुरालियों को जिम्मेदार ठहराते हुए तहरीर दी है।
सुरेंद्रनगर निवासी रीना (32) पत्नी दिलीप मंडल शनिवार शाम अपने कच्चे घर में अकेली थी। उसका पति बाजार गया था। सास भी घर में नहीं थी। तीनों बच्चे बाहर खेलने गए थे। बच्चे जब शाम को घर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। बच्चों ने दूसरे कमरे में जाकर खटिया पर चढ़कर मां को फंदे पर लटका देखा तो शोर मचा कर पड़ोसियों को बुलाया।
पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़कर उसे उतारा। ससुराली 108 एंबुलेंस से उसे उप जिला अस्पताल सितारगंज ले गए। जहां डॉक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया। इधर, 108 एंबुलेंस टीम ने 112 पर सूचना दी। कोतवाल सुंदरम शर्मा और शक्तिफार्म चौकी प्रभारी ललित चौधरी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
देर शाम गदरपुर के गांव पिपलिया नंबर दो से पहुंचे परिजनों ने रीना को प्रताड़ित करने और मौत के लिए पति सहित अन्य ससुरालयों को जिम्मेदार ठहराया। मृतका के भाई मनोज ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। मृतका के तीन बच्चे हैं।