काशीपुर। स्वतंत्रता दिवस पर काशीपुर के रहने वाले विंग कमांडर आशीष राजपूत को वायुसेना मेडल (वीरता) से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है। यह पदक उन्हें यूनिट में दिया जाएगा।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 78 वीरता पुरस्कारों को मंजूरी दी थी। इनमें पांच वायु सेना मेडल (वीरता) भी शामिल है। इनमें काशीपुर की पैराडाइस कॉलोनी निवासी विंग कमांडर आशीष राजपूत का नाम भी शामिल है। विंग कमांडर आशीष वर्ष 2010 में एनडीए से भारतीय वायु सेना में भर्ती हुए थे। वह करीब 16 वर्षों से हेलिकाॅप्टर पायलट के रूप में कार्यरत हैं।
वर्ष 2016 में नैनीताल क्षेत्र के जंगलों में लगी आग को हेलिकाॅप्टर से नियंत्रित करने में भी उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी। वर्तमान में वह इंडियन एयर फोर्स स्टेशन बैरकपुर (कोलकाता) पश्चिम बंगाल में तैनात हैं। उनके पिता यशपाल सिंह सेवानिवृत्त अध्यापक हैं। माता ओमवती देवी गृहिणी हैं। छोटा भाई रोहित कुमार भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान ग्वालियर में प्रोफेसर हैं।