बाजपुर के बरहैनी वन रेंज स्थित हरसान धुरिया गांव में बृहस्पतिवार सुबह करीब चार बजे एक जंगली हाथी ने रिहायशी इलाके में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। हाथी ने पहले ललित जोशी के पोल्ट्री फार्म के शेड को तोड़ा और फिर उनके घर का मुख्य दरवाजा तहस-नहस कर दिया।
बाजपुर में बरहैनी वन रेंज के अंतर्गत आने वाले ग्राम हरसान धुरिया में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बृहस्पतिवार सुबह करीब चार बजे जंगल से निकलकर एक हाथी सीधे रिहायशी इलाके में आ गया और जमकर उत्पात मचाया। अचानक हुई इस घटना से ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है।
विज्ञापन
प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित परिवार के अनुसार, हाथी ने सबसे पहले ग्रामीण ललित जोशी के पोल्ट्री फार्म को अपना निशाना बनाया। हाथी ने शेड पर हमला बोलकर टिन की चादरों को बुरी तरह तोड़ डाला। इसके बाद, वह हाथी सीधे ललित जोशी के घर के पास पहुंचा और उनके घर का मुख्य दरवाजा तहस-नहस कर दिया। सुबह तड़के हुई इस भारी आवाज और तबाही से परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों की नींद खुली, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। गनीमत यह रही कि इस दौरान किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
ग्रामीणों का कहना है कि जंगली जानवर लगातार आबादी वाले क्षेत्रों का रुख कर रहे हैं, लेकिन वन विभाग की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही को रोकने के लिए तुरंत प्रभावी कदम उठाए जाएं, गश्त बढ़ाई जाए और प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए।