काशीपुर में टेंट कारोबारी की हत्या उसकी पत्नी के कहने पर दो किशोरों ने की थी। कारोबारी की पत्नी का एक किशोर से आठ माह से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी निशा समेत दो विधि-विवादित किशोरों को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा, तीन कारतूस और रक्तरंजित कपड़े भी बरामद किए हैं।
निशा ने अपने प्रेमी से पहले पति संजीव की हत्या कराई और उसके अगले ही दिन उसने नाबालिग प्रेमी और उसके साथी के खिलाफ तहरीर सौंप दी। इस खुलासे से हर कोई हैरान कर दिया है कि कैसे एक पत्नी ने अपने ही पति की हत्या की साजिश रचकर खुद को बचाने का नाटक किया था।
एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि 17 अगस्त की सुबह प्रतापपुर क्षेत्र में सड़क किनारे धान के खेत में एक कार मिली थी। कार में युवक का शव पड़ा था और उसके शरीर पर चोट के निशान थे। शुरुआती तौर पर मामला सड़क हादसे का प्रतीत हो रहा था लेकिन पंचायतनामा के दौरान पुलिस को मृतक के गले पर चोट का निशान मिला जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ।
मृतक की शिनाख्त संजीव कुमार (24) पुत्र सोमल सिंह निवासी बाजवाला, थाना आईटीआई, काशीपुर के रूप में हुई थी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया। एसएसपी ने बताया कि पड़ताल के बाद मृतक की पत्नी निशा की तहरीर पर कोतवाली काशीपुर में प्राथमिकी दर्ज जांच शुरू की गई थी।
प्रेम प्रसंग से शुरू हुई हत्या की साजिश
जन्मदिन की पार्टी के बहाने ले गए रामनगर
जांच में पता चला कि 16 अगस्त को एक विधि-विवादित किशोर का जन्मदिन था। जन्मदिन की पार्टी के बहाने दोनों किशोर संजीव को उसकी निजी कार से रामनगर ले गए। राजपुर रोड, थारी के पास आरोपियों ने संजीव पर तमंचे से फायर कर दिया। गोली लगने के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत में जा गिरी। दोनों आरोपी घायल संजीव को कार में छोड़कर मौके से भाग हो गए और बाद में उसकी पत्नी को फोन कर घटना की जानकारी दी। जिस किशोर का जन्मदिन था, उसी का मृतक की पत्नी से प्रेस प्रसंग था। पुलिस के मुताबिक, हत्या को सड़क हादसे का रूप देने की साजिश रची गई थी लेकिन घटनास्थल की बारीकी से जांच और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस की जांच की दिशा बदल गई और आरोपी कानून के शिकंजे में फंस गए।
मालवा फार्म पुलिया से पकड़े गए आरोपी