काशीपुर। जेल रोड का संपर्क मार्ग चौड़ा होने से जहां दुकानदारों को राहत मिली है वहीं दुकानदारों को वाहनों की आवाजाही से लगने वाले जाम से निजात मिलने की उम्मीद जगी है।
रतन सिनेमा रोड पर पुराने एसपी कार्यालय को ध्वस्त करके वहां पर शासन-प्रशासन की ओर से बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण कराया जा रहा है। पुरानी चहारदीवारी को ध्वस्त करके निर्माणाधीन पार्किंग की नई चहारदीवारी बनाई जा रही है।
इस मार्ग के दुकानदार राजीव परनामी, शिव अवतार गुप्ता, रजत पाल और ललित बाली ने बताया पहले यह मार्ग पोस्टऑफिस रोड जैसा संकरा था। इस कारण दुकानदारों को खासी परेशानी उठानी पड़ती थी।
दुकान पर आने वाले ग्राहक अपना वाहन खड़ा नहीं कर पाते थे। वहीं पहले इस संपर्क मार्ग की चौड़ाई तीन मीटर थी, अब चहारदीवारी टूटने के बाद सड़क की चौड़ाई सात मीटर होने से राहत मिल गई है।
वहीं इसी मार्ग के दुकानदार हरिओम अरोरा, मनीष ठाकुर, प्रदीप अरोरा व रोहित ने बताया कि यह मार्ग दो मुख्य बाजारों को जोड़ता है। इसके कारण दिन में कई बार जाम लग जाता था। ग्राहक भी दुकान पर कम रुकते थे। वहीं, उन्होंने कहा कि प्रशासन को रास्ते में जो बिजली पोल हैं और वह यातायात में बाधक बनेंगे। उनको भी हटवाना चाहिए ताकि यातायात सुचारु रूप से संचालित हो सकें।