रुद्रपुर ट्रांजिट कैंप की मुख्य सड़क में बने गड्ढे।
- फोटो : अमर उजाला
शहर के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में जगह-जगह हुए गड्ढों से सड़क पर हालत जर्जर हो गई है। गर्मी में धूल तो बरसात में कीचड़ से लोग परेशान रहते हैं। धूल और कीचड़ के बीच रहने वाले शहरवासियों को संक्रामक रोगों का भी खतरा बना है। ट्रांजिट कैंप की जर्जर हालत को लेकर क्षेत्रवासियों ने कई बार आंदोलन किया।
विधायक राजकुमार ठुकराल ने भी शासन में कई बार सड़क निर्माण की मांग उठाई। लोनिवि ने करीब 2.9 किमी. लंबी सड़क के निर्माण के लिए शासन को पांच करोड़ रुपये का इस्टीमेट भेजा था। इसमें से सिर्फ 900 मीटर सड़क का निर्माण ही स्वीकृत हो सका, जिसके लिए विभाग को ढाई करोड़ रुपये अवमुक्त हुए। बीती मार्च में विभाग ने 900 मीटर सड़क निर्माण के लिए टेंडर निकाला। एक ठेकेदार ने टेंडर लिया लेकिन कम रेट की वजह से काम छोड़कर चला गया। लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण की सुध लेने वाला कोई नहीं है।
शासन से 900 मीटर सड़क निर्माण के लिए 2.50 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए थे। टेंडर भी निकाला था लेकिन ठेकेदार कम रेट के कारण टेंडर छोड़कर चला गया। 23 मई को चुनाव समाप्त होने के बाद ही फिर टेंडर निकाला जाएगा।
- राजेंद्र प्रसाद, सहायक अभियंता, लोनिवि।