रुद्रपुर में तराई विकास सहकारी संघ के क्रय केंद्र पर गेहूं भरते पल्लेदार।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। रुद्रपुर विकासखंड में धीरे-धीरे गेहूं की खरीद शुरू होने लगी है। रबी विपणन सत्र के सातवें दिन रुद्रपुर में तराई विकास सहकारी संघ मुख्यालय के क्रय केंद्र पर पहली गेहूं खरीद हुई। केंद्र पर लोहरी गांव के किसान के करीब 80 क्विंटल गेहूं की तौल हुई। वहीं, बिगवाड़ा मंडी समिति में पूर्वी रुद्रपुर किसान सेवा सहकारी समिति के केंद्र पर दूसरे दिन भी करीब 400 क्विंटल गेहूं की खरीद हुई।
रुद्रपुर के अधिकांश क्रय केंद्रों पर सुबह से ही विभिन्न गांवों के किसान पंजीकरण व टोकन प्राप्त करने के लिए पहुंचे। वरिष्ठ विपणन अधिकारी हेमंत जोशी ने कहा कि एक सप्ताह के भीतर गेहूं खरीद में तेजी आने की संभावना है।
अभी अधिकांश किसानों के गेहूं की फसल पूरी तरह से पकी नहीं है। रुद्रपुर गल्ला मंडी स्थित खाद्य विभाग के क्रय केंद्र पर बुधवार को भी गेहूं खरीद शून्य रही। सिर्फ कुछ किसान टोकन प्राप्त करने व पंजीकरण के लिए पहुंचे। इसी तरह किसान सेवा सहकारी समिति फौजी मटकोटा आदि के केंद्रों पर भी गेहूं खरीद नहीं हो सकी।
बिगवाड़ा स्थित मंडी समिति परिसर में क्रय केंद्र पर मलसी और शिमला पिस्तौर के किसानों ने अपना करीब 400 क्विंटल गेहूं बेचा। क्रय केंद्र प्रभारी पंकज कश्यप ने कहा कि केंद्र पर दो दिनों से लगातार गेहूं खरीद हो रही है। (संवाद)