आरएफसी सहित सहकारिता विभाग के 50 केंद्रों पर इस बार खरीद शुरू होने के पांचवें दिन तक 1132 क्विंटल गेहूं खरीदा जा चुका है। इसमें सहकारिता विभाग के सात और आरएफसी के दो सेंटर शामिल हैं।
मंडी परिसर स्थित आरएफसी के दो सेंटरों पर इस बार अच्छी खरीद बताई जा रही है। एसएमआई जगदीश कलौनी एवं एएसएमआई ललित मोहन ओली ने बताया कि आरएफसी के दो सेंटरों पर पांच अप्रैल तक 415 क्विंटल और छठवें दिन 250 क्विंटल गेहूं खरीदा जा चुका है।
इधर एडीओ सहकारिता गौरव शर्मा ने बताया कि सहकारिता विभाग के सात क्रय केंद्रों पर 717 क्विंटल गेहूं खरीदा जा चुका है। शेष एक केंद्र आरएफसी सहित सहकारिता विभाग के 41 केंद्रों का खरीद का खाता नहीं खुल सका है। एडीओ ने बताया कि इस बार 42 क्विंटल प्रति हेक्टेअर उपज का रिकार्ड है। खरीद से पहले किसान का रजिस्ट्रेशन जरूरी है।
गेहूं क्रय केंद्र में घड़ों व मटकों का पानी पिलाने की व्यवस्था कायम
खटीमा। गेहूूं क्रय केंद्रों पर किसानों के पानी पिलाने की पुरानी व्यवस्था आज भी कायम है। आरएफसी के मंडी परिसर स्थित तीनों सेंटरों में भीगी बोरियों और गीले रेत में रखे मटकों, घड़ों का ठंडा पानी पीने की व्यवस्था है। सेंटर प्रभारी एसएमआई एवं एएसएमआई बताते हैं कि फ्रिज का पानी यदकदा नुकसान दे सकता है लेकिन घड़ों का ठंडा पानी किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचाता है।
क्रय केंद्र के गोदाम में सांप दिखने से मची भगदड़
खटीमा। आरएफसी के खरीद केंद्र के गोदाम में बोरियों के बीच कोबरा दिखने से केंद्र पर भगदड़ सी मच गई। केंद्र पर एकत्र किसान कोबरा को भगाने के जुगाड़ में थे। सांप पकड़ने वाले को बुलाने से पूर्व ही सांप चूहों के बिलों में घुस गया था।
ग्राम नदन्ना में खुला यूसीएफ का गेहूं क्रय केंद्र, 125 क्विंटल खरीद
खटीमा। ग्राम नदन्ना में उत्तराखंड राज्य सहकारी संघ (यूसीएफ) के गेहूं क्रय केंद्र पर गेहूं तौल का विधिवत शुभारंभ ग्राम प्रधान माया जोशी ने किया। सेंटर इंचार्ज हरीश कांडपाल ने बताया कि इस वर्ष यूसीएफ के गेेहूं क्रय केंद्र पर ग्राम सभा नदन्ना, कुटरी व गोहर पटिया के किसानों का गेहूं क्रय किया जाएगा। कांडपाल ने बताया कि केंद्र पर पहले दिन तीन किसानों का 125 क्विंटल गेहूं खरीदा गया। वहां मदन सिंह, पूरन जोशी, रोशन राणा, भीम राणा, लालता प्रसाद, अनूप सिंह राणा, राकेश देवी, सिपाही लाल, बलराम राणा आदि थे। (संवाद)
खटीमा के नदन्ना ग्राम सभा में यूसीएफ गेहूं क्रय केंद्र में तौल का शुभारंभ करती ग्राम प्रधान माया - फोटो : KHATIMA
खटीमा के मंडी परिसर स्थित गेहूं क्रय केंद्र में किसानों के लिए घड़ों में रखा पानी।- फोटो : KHATIMA