काशीपुर के प्राथमिक विद्यालय रंपुरा में निरीक्षण करते सचिव विद्यालयी शिक्षा।
- फोटो : KASHIPUR
राजकीय प्राथमिक विद्यालय रंपुरा का मंगलवार को सचिव विद्यालयी शिक्षा आर मीनाक्षी सुंदरम ने निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में पुस्तकालय स्थापित करने के लिए सामुदायिक सहभागिता पर ध्यान केंद्रित करने को कहा। उपखंड शिक्षा अधिकारी डॉ. गीतिका जोशी ने उनका स्वागत किया।
निरीक्षण के दौरान शिक्षा सचिव ने स्कूल की हर कक्षा का भ्रमण किया। साथ ही विद्यालय में नीति आयोग की ओर से स्थापित स्मार्ट टीवी की बारीकियों को भी जाना। विद्यालय में स्थापित कंप्यूटर लैब और बाल वाटिका को देखकर उन्होंने खुशी जाहिर की। इस दौरान उन्होंने विद्यालय स्टाफ के साथ नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर भी चर्चा की और अध्यापकों को शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
उनका कहना था कि 15 अप्रैल तक नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत जो प्रस्ताव शासन को भेजे जाने हैं उसमें कई और प्राथमिक विद्यालयों को आदर्श विद्यालय बनाने का प्रस्ताव भी भेजा जाएगा जिससे सरकारी और निजी विद्यालयों के बीच के अंतर को समाप्त किया जा सके।
इस दौरान उन्होंने बच्चों के बैठने के लिए विद्यालय में बनाए गए फर्नीचर की भी सराहना की। उपखंड शिक्षा अधिकारी ने उन्हें स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। प्रभारी संकुल समन्वयक युद्धवीर सिंह ने शिक्षा सचिव को संकुल स्तरीय मैगजीन भेंट की। वहां अनिल चौहान, अकबर अली, अनिल शर्मा, ज्योति राणा, आशा किरण, संजय यादव, जाकिर अली आदि थे।