रुद्रपुर गल्ला मंडी में आरएफसी के क्रय केंद्र पर गेहूं तौलते पल्लेदार।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। गल्ला मंडी स्थित खाद्य विभाग के क्रय केंद्र पर सोमवार को 11 दिन के अंतराल के बाद गेहूं खरीद हुई। केंद्र पर मलसी, कोलड़ा आदि गांवों के किसानों ने करीब 300 क्विंटल गेहूं बेचा। इससे पहले खाद्य विभाग के केंद्र पर आठ अप्रैल को करीब 44 क्विंटल गेहूं की खरीद हुई थी।
विकासखंड के क्रय केंद्रों पर सुबह से ही किसान अपना गेहूं बेचने के लिए पहुंचते रहे। बिगवाड़ा स्थित मंडी समिति परिसर में पूर्वी रुद्रपुर किसान सेवा सहकारी समिति के क्रय केंद्र पर भमरौला, शिमला पिस्तौर और मलसी के किसानों ने अपना 467 क्विंटल गेहूं बेचा। तराई विकास सहकारी संघ के रुद्रपुर स्थित क्रय केंद्र पर रहपुरा गांव के किसानों ने करीब 200 क्विंटल गेहूं बेचा, जबकि पंतनगर स्थित क्रय केंद्र पर करीब 450 गेहूं खरीद हुई। क्रय केंद्र प्रभारी प्रेमनाथ यादव ने कहा कि तराई विकास सहकारी संघ के सभी 12 क्रय केंद्रों पर गेहूं खरीद जारी है। इधर, किसान सेवा सहकारी समिति फौजी मटकोटा के क्रय केंद्र पर किसानों ने करीब 100 क्विंटल गेहूं बेचा। वरिष्ठ विपणन अधिकारी हेमंत जोशी ने कहा कि इस बार गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य अधिक होने के कारण किसान सहकारी क्रय केंद्रों की तरफ अधिक रुख कर रहे हैं।