किच्छा। दरऊ के एक किसान से बहेड़ी (बरेली) के ग्राम हरेरपुर निवासी व्यक्ति ने गेंहू खरीद कर भुगतान नहीं दिया। 16.92 लाख का भुगतान नहीं होने से परेशान पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
दरऊ निवासी रिहान खान ने कोतवाली में तहरीर दी। इसमें बताया कि अप्रैल 2024 में बहेड़ी (बरेली) के ग्राम हरेरपुर निवासी एक व्यक्ति अपने बेटे के साथ उसके साथ आया। उसने कहा कि अगर वह उन्हें 25-30 एकड़ पुश्तैनी कृषि भूमि में खड़ी गेहूं की फसल बेच देगा तो वह उन्हें सरकारी रेट से अधिक मूल्य पर फसल तो खरीदेंगे ही, भुगतान भी नकद करेंगे।
दो दिन बाद वे फिर घर आए और 2550 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं खरीदना तय हुआ। आरोपी 16 अप्रैल, 17 अप्रैल और 18 अप्रैल को दो-दो ट्रॉलियां, जबकि 20 अप्रैल को एक ट्रॉली गेहूं ले गया। माल ले जाने के बाद आरोपी कहने लगा कि रकम ज्यादा है। ऐसे में एक साथ भुगतान नहीं करेगा। दो-तीन दिन में रकम दे देगा। लेकिन आज तक भुगतान नहीं हुआ। संवाद