खटीमा के भगचुरी में गेहूं के खेत में लगी आग को बुझाने के प्रयास से लगे रहे ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
भगचुरी गांव के एक खेत में आग लगने से छह एकड़ में लगी गेहूं की फसल जल गई। ग्रामीणों ने गेहूं की फसल को बीच में जुताई कर आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया और आग को फैलने से रोका।
भगचुरी गांव में दोपहर में गेहूं के खेत में आग लग गई जिसे देखते ही गांव के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया तब तक आग ने उग्र रूप धारण कर लिया। जिस पर ग्रामीणों ने आग को फैलने से रोकने के लिए कई स्थानों पर गेहूं की फसल को ट्रैक्टर से जोत दिया।
सूचना के आधे घंटे बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया और जले खेत के किनारे की फसलों पर पानी का छिड़काव किया ताकि आग न फैले। इस अग्निकांड में मनोज कुमार और रंजीत सिंह की छह एकड़ गेहूं की फसल जल गई है। इसमें करीब दो लाख से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य निर्भय शंकर यादव, प्रमोद सिंह राणा, बल्देव सिंह, राजेंद्र सिंह, अरविंद सिंह, जानकी, शोभनाथ मौर्य, अजय मौर्य, वीरेंद्र, सुरेंद्र ठाकुर आदि ने मुआवजे की मांग की है।