रुद्रपुर के नारायणपुर गांव में तेज हवा और बारिश से गिरी गेहूं की फसल।
- फोटो : अमर उजाला
मौसम में बदलाव के साथ हुई बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। बुधवार रात में हुई बारिश और तेज हवाएं चलने से कुछ जगहों पर गेहूं की फसल जमीन पर गिर गई। वहीं, खेत में काटकर रखी गई गेहूं की फसल के भीगने से किसानों को ज्यादा नुकसान होने की आशंका है।
इसके बारिश के चलते गेहूं की कटाई पर भी ब्रेक लग गया है। किसानों का मानना है कि बारिश से गेहूं की गुणवत्ता पर असर पड़ेगा। इधर, जिला कृषि अधिकारी डॉ. अभय सक्सेना ने बारिश से किसी भी तरह के नुकसान से इनकार किया है। बुधवार की रात अचानक मौसम में बदलाव के साथ तेज हवाएं चलनी शुरू हो गई थी।
थोड़ी देर बारिश भी शुरू हो गई। कई जगहों पर किसानों ने गेहूं काटकर मढ़ाई के लिए रखे थे। तेज हवाओं से कुछ जगहों पर गेहूं की फसल भी गिर गई। बगवाड़ा के किसान विक्रमजीत सिंह ने बताया कि रात हुई बारिश से गेहूं भीग गया है। इससे उसकी गुणवत्ता खराब होने का अंदेशा है।
जमीन गीली होने की वजह से गेहूं कटाई भी रुकी है। खेत सूखने के बाद कटाई का काम शुरू होगा। उधर, खटीमा और बाजपुर में भी बारिश और तेज हवाओं के चलते किसानों की फसल को नुकसान की आशंका बन गई है। वहीं अंधड़ के कारण बाजपुर के बन्नाखेड़ा, गोबरा, बिराहा, चकरपुर और केलाखेड़ा में 11 हजार केवी के 10 पोल और तीन किमी एलटी विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त हो गई।
इससे कई इलाकों में विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। अधिशासी अभियंता वीके सक्सेना ने बताया कि बृहस्पतिवार को पोल और लाइन की ठीक कर आपूर्ति सुचारु कर दी गई है।