केलाखेड़ा। राज्य सीमा पर जंगलात और पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से छापा मारकर खैर के 18 गिल्टों को बरामद किया। जंगलात कर्मचारियों ने तस्करी के आरोप में प्रधानपति को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उसने अपने साथियों केेे नाम बताए। वन रक्षक सोमपाल की तहरीर पर पुलिस ने छह तस्करों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। प्रधानपति की गिरफ्तारी से खफा नगर पंचायत के चेयरमैन हामिद अली ने समर्थकों के साथ थाने पहुंचकर एसओ ओमप्रकाश का घेराव किया। इस दौरान उनकी एसओ से झड़प हो गई।
थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि शनिवार रात सूचना पर यूपी के वन विभाग की टीम और केलाखेड़ा पुलिस टीम ने राज्य सीमा स्थित श्मशान के पास खैर के गिल्टों को बरामद किया। टीम को देख तस्कर फरार हो गए। वन कर्मियों ने एक तस्कर को पहचान लिया। पुलिस ने दबिश देकर केलाखेड़ा के फिदानगर तिराहे से आरोपी प्रधानपति लियाकत अली को गिरफ्तार कर लिया।
लियाकत अली ने पूछताछ में अन्य तस्करों के नाम बताए, जिस पर यूपी के वन रक्षक सोमपाल की तहरीर पर पुलिस ने कुलवंत सिंह निवासी कामरेड का डेरा रम्पुराकाजी, राजू, सोनू निवासी रम्पुराकाजी, लियाकत अली निवासी ग्राम टांडा आजम और दो अज्ञात के खिलाफ धारा 379, 411 और 26, 41, 42, 52, 65 वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर तस्करों की तलाश शुरू कर दी। वहीं प्रधानपति की गिरफ्तारी से खफा चेयरमैन हामिद अली ने समर्थकों के साथ थाने पहुंचकर एसओ ओमप्रकाश का घेराव किया। इस दौरान एसओ से झड़प हो गई।
टीम में थानाध्यक्ष ओमप्रकाश, एसआई प्रकाश चंद्र, एसआई सुशील कुमार, संजय, दीपक, वन दरोगा धर्मेंद्र, राजकुमार, वन रक्षक सोमपाल, महेंद्र सिंह नेगी, अमित, विशेष कुमार, आनंद सिंह आदि थे।